पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का भागलपुर से भी गहरा रिश्ता रहा था। इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में सुषमा स्वराज ने रात 12 बजे लाजपत पार्क में चुनावी सभा को संबोधित किया था। इसके बाद सुषमा ने भागलपुर के अलावा बिहपुर और पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी सभाएं की थीं। भाजपा के लोकसभा पालक सह पूर्व जिलाध्यक्ष 80 वर्षीय हरिवंशमणि सिंह बताते हैं कि 1978 के आमसभा चुनाव में सुषमा स्वराज ने लाजपत पार्क में जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. रामजी सिंह के समर्थन में सभा को संबोधित किया था। इसके बाद के चुनावों में उन्होंने भागलपुर के टीएनबी कॉलेजियेट, पीरपैंती और बिहपुर में भी विधानसभा चुनाव के दौरान सभाएं की थीं। श्री सिंह ने बताया कि सुषमा का भागलपुर और यहां के लोगों से विशेष लगाव था। आठ साल पहले संसद भवन में पूर्व सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन ने सुषपा स्वराज से उनकी मुलाकात करायी थी।
 
मुलाकात के दौरान सुषमा ने भागलपुर के लोगों के बारे में जानकारी ली थी। यहां के भाजपा परिवार के बारे में भी पूछा था और लस्सी पिलाकर उनका स्वागत किया था। वह सिर्फ साहसिक महिलाओं में ही नहीं थीं, बल्कि प्रखर वक्ता भी थीं। भागलपुर में चुनावी सभा के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था। उनके सारगर्भित भाषण को सुनने के लिए दूर-दूर से लोग आते थे। भागलपुर के टीएनबी कॉलेजियेट स्कूल के मैदान में 2010 में चुनावी सभा के दौरान उन्होंने कहा था कि आप भाजपा प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे को जिताइये। ऐसा आपने किया तो उनके विजय जुलूस में शिरकत करने वह फिर भागलपुर आएंगी। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ और भागलपुर की यात्रा उनकी अंतिम यात्रा बनकर रह गयी।

बिहपुर के पूर्व विधायक ई. शैलेन्द्र बताते हैं कि उनके चुनाव प्रचार में भी सुषमा स्वराज 2005, 2010 और 2015 में आयी थीं। उन्हें सुनने के लिए भारी भीड़ जुटी थी। उनके संबोधन की खासियत थी कि जो वहां आ जाते वे तबतक वहां जमे रहते जबतक उनका भाषण समाप्त नहीं हो जाता।
 
निधन पर शोक जताया पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर भाजपा नेताओं ने शोक जताया। भाजपा के जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति की मजबूत स्तंभ रही सुषमा स्वराज के निधन से सभी मर्माहत हैं। भाजपा नेता मृणाल शेखर और प्रीति शेखर ने कहा कि देश ने एक प्रखर वक्ता को खो दिया। भाजपा नेत्री श्वेता सिंह ने कहा कि सुषमा स्वराज ने अपने काम से राष्ट्रीय और अन्तराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। उनके निधन पर जिप अध्यक्ष टुनटुन साह,सरस्वती कुमार, विजय कुशवाहा, मुकेश सिंह, संतोष कुमार, दिलीप निराला, किरण सिंह, नभय चौधरी, अभय वर्मन आदि ने शोक व्यक्त किया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *