अतरौली के एक गांव में रविवार देर रात जयमाला के दौरान दुल्हन के एक कदम ने सभी को अंचभित कर डाला। दुल्हन जयमाला लेकर दूल्हे के पास न जाकर पड़ोस में प्रेमी के घर जा पहुंची और उसके गले में माला डाल दी। दुल्हन के इस कदम से वहां सभी लोग सन्न रह गए। दूल्हे ने भी तुरंत ही शादी से इंकार किया तो वहां हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दुल्हन की छोटी बहन को शादी के लिए राजी किया गया। उधर, दुल्हन प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ गई। पुलिस ने नाबालिग प्रेमी की उम्र का हवाला देकर किसी तरह से दुल्हन को उसके पिता के हवाले कर दिया।
Related image
कोतवाली क्षेत्र के गांव में ग्रामीण ने बेटी का रिश्ता थाना जलेसर के गांव के युवक से तय कर दिया। तय समयानुसार रविवार को बारात आ गयी। कन्या पक्ष ने लड़के वालों की खूब खातिरदारी की। बारातियों ने भोजन के बाद जनमासे में वर माला कार्यक्रम रखा। रात करीब एक बजे दुल्हन सज-धजकर वरमाला लेकर घर की महिलाओं के साथ स्टेज की ओर बढ़ रही थी। स्टेज के बराबर में ही दुल्हन के प्रेमी का घर था। दुल्हन अचानक प्रेमी के घर चली गई और उसके गले में जयमाला डाल दी। दूल्हे के सामने हुई घटना से बाराती भी भड़क उठे। दुल्हन को जब प्रेमी के घर से निकाला तो उसने प्रेम प्रसंग की जानकारी दी और शादी का प्रस्ताव रख दिया।
 
दुल्हन के प्रेमी से शादी रचाने की इच्छा जाहिर किये जाने पर दूल्हे ने भी उसे अपनाने से मना कर दिया। रात भर चले घटनाक्रम के दौरान सूचना से कोतवाली पुलिस को अवगत करा दिया गया। इधर, दुल्हन के प्रेमी के साथ शादी को लेकर बखेड़ा खड़ा कर दिया। परेशान पिता ने किसी तरह से अपनी छोटी बेटी को शादी के लिए राजी किया। दूल्हा पक्ष ने भी इसकी मंजूरी दे दी। सोमवार सुबह छोटी बेटी को बारात के साथ विदा किया गया।
 
मौके पर पहुंची पुलिस दुल्हन उसके पिता एवं प्रेमी के साथ कोतवाली ले आई। कोतवाली निरीक्षक प्रवेश राणा ने बताया कि दुल्हन प्रेमी से शादी करना चाहती थी, मगर युवक के नाबालिग होने के कारण शादी नहीं हो सकती थी। दुल्हन अपने पिता के साथ घर चली गयी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *