खाड़ी समुन्दर के युगांडा के मुकोनो जिले में विक्टोरिया झील में शनिवार देर रात हुई नाव दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। इस हादसे में कई अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को 35 लोगों की मौत की पुष्टि की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अफ्रीका की सबसे बड़ी झील विक्टोरिया में लगभग 120 लोगों को ले जा रही नौका मौसम खराब होने के कारण शनिवार को स्थानीय समयानुसार करीब सात बजे डूब गई।
 

 
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जुराह गनयाना ने बताया कि नाव की हालत खराब थी और नाव कुछ समय से नदी किनारे खड़ी थी और उन्होंने बताया नाव चलाने वालों के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। गनयाना ने कहा बचाव एवं राहत अभियान लगातार चल रहा है। युगांडा पुलिस संचालन निदेशक असुमन मुगेनई ने बताया कि शवों को बाहर निकालने का काम लगातार जारी है। अब तक 27 लोगों को बचा लिया गया है।

राजधानी कम्पाला के नजदीक मुकोनो जिले के मुतिमा से थोड़ी दूरी पर नाव डूबने से पहले उसमें पार्टी चल रही थी और लोग संगीत की धुनों में थिरक रहे थे। मुगेनई ने कहा नाव में क्षमता से अधिक यात्री होने और मौसम खराब होने से दुर्घटना होने की आशंकाहै। उन्होंने नाव में यांत्रिकी खराबी पर भी संदेह व्यक्त किया।
 
स्थानीय सरकारी अधिकारी रिचर्ड किकोंगो ने एक बड़े तूफान और मौसम खराब होने से भी नाव दुर्घटना की आशंका व्यक्त की गयी है। किकोंगो ने कहा कि डूबने वालों में अधिकतर यात्री हैं। दो छोटी नावों में सवार मछुआरों ने देखा था कि नाव डूब रही है और लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। लोगों ने नाव पर कूदने की कोशिश की लेकिन वे बहुत अधिक थे और उन्हेंं बचाया नहीं जा सका। मरने वालों में बचावकर्ता भी शामिल हैं।

सरकार ने इस नौका हादसे की जांच के लिए प्रधानमंत्री रूहाकाना रुगुंडा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया है। गौरतलब है कि युगांडा की झीलों में चलने वाली नावों में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने तथा तेज हवाओं के कारण इस तरह के हादसे होते रहते हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *