नवगछिया के रंगरा सधवा के रहने वाले जदयू नेता अखिलेश सिंह (45 वर्ष) को बदमाशों ने उनके गांव के पास ही गोली मार दी। बदमाशों ने अखिलेश को दो गोली मारी, जिसमें एक दाहिने कंधे में लगी और उनकी दाढ़ी को छूते हुए निकल गयी। घटना सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे की है। नवगछिया के अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मायागंज रेफर कर दिया गया। उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। अखिलेश सिंह जदयू के रंगरा प्रखंड के प्रभारी हैं।
 
 
गांव के ही दो लोगों की पहचान की
इलाज के लिए मायागंज लाये जाने पर अखिलेश ने बताया कि उन्हें गोली मारने वालों में उनके ही गांव का प्रशांत कुमार पंडित और डिंपल का भाई शामिल था। अखिलेश का कहना है कि इन दोनों के अलावा और भी दो से तीन लोग शामिल थे। बदमाश पैदल भाग निकले। गोली लगने के बाद अखिलेश बाइक लेकर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोट भी आई है। उनकी पत्नी सुनीता भी उनके साथ अस्पताल पहुंची। घटना की सूचना पर रंगरा पुलिस मायागंज अस्पताल पहुंची। पुलिस अखिलेश का बयान दर्ज करेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
 
 
होली का विवाद बताया जा रहा कारण
अखिलेश के पिता रघुवंश प्रसाद सिंह सधवा गांव के पूर्व मुखिया रहे हैं। अखिलेश ने बताया कि वह बाजार से घर आ रहे थे तभी सामुदायिक भवन के पास पहले से मौजूद बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। उन्हें गोली मारने के कारणों के बारे में पूछे जाने पर वे कुछ भी खुल कर बताने को तैयार नहीं हुए। इस घटना को इस साल होली के दौरान हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। होली में गांव के ही कुछ लोगों ने अखिलेश की भतीजी को जबरन रंग लगा दिया था, जिसके बाद उनके भाई राजीव से उन लोगों का विवाद भी हुआ था। अखिलेश का कहना है कि लोगों ने होली में उनके भाई के साथ हुए विवाद का बदला उनसे लिया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *