श्रीलंका ने बुधवार को भारत सहित 48 देशों से आने वाले सैलानियों को पहुंचने पर मुफ्त वीजा देने की घोषणा की है। श्रीलंका ने देश में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिये यह कदम उठाया है।
ईस्टर के दिन हुये आ’तं’क’वा’दी हमलों के बाद सैलानियों की संख्या उल्लेखनीय रूप से कम हुई है।
पर्यटन मंत्री जॉन अमारतुंगा ने कहा कि 48 देशों से आने वाले सैलानियों के लिये वीजा शुल्क खत्म कर दिया गया है। यह योजना बृहस्पतिवार से शुरू होगी। भारत से आने वाले सैलानियों को इसका लाभ मिलेगा।
इससे पहले ईस्टर पर हमले के बाद श्रीलंका ने 39 देशों के नागरिकों को पहुंचने पर वीजा देने की योजना टाल दी थी। इस आत्मघाती हमले में 258 लोग मारे गये थे।
वहीं दूसरी ओर श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने दावा किया कि उन्हें ईस्टर संडे के दिन हुए आतंकी हमले से पहले भारतीय खुफिया एजेंसियों से मिली चेतावनी की जानकारी नहीं थी।

उन्होंने कहा कि अगर उन्हें संबंधित अधिकारियों द्वारा इसकी जानकारी दी जाती तो इसे रोका जा सकता था। सिरिसेना ने पिछले महीने स्पष्ट तौर पर कहा था कि 21 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के संबंध में भारतीय खुफिया एजेंसियों ने 21 दिन पहले ही संभावित हमले की जानकारी दी थी, लेकिन उन्हें इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली।
ईस्टर के मौके पर हुए इस हमले में 258 लोगों की मौत हो गई थी। राष्ट्रपति ने कहा कि वह 16 अप्रैल को विदेश यात्रा पर रवाना हुए लेकिन तब तक उन्हें भारत द्वारा दी गई खुफिया रिपोर्ट की जानकारी नहीं थी। हालांकि उस समय इस मुद्दे पर रक्षा सचिव और तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक के बीच बातचीत हुई थी।
इनपुट:एचएम

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *